चन्दौली
लतीफशाह बीयर में पानी घटने से राहत, राजस्व विभाग मुस्तैद
जलस्तर और आसपास के हालात पर दिन-रात नजर, कर्मचारियों की विशेष तैनाती
धीरे-धीरे घट रहा जलस्तर
चकिया, (चन्दौली)। लतीफशाह बीयर में पानी के स्तर में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज होने से राहत की स्थिति बनी हुई है। जलस्तर को नियंत्रण में रखने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राजस्व विभाग पूरी तरह सतर्क है। विभागीय कर्मचारी लगातार क्षेत्र की गतिविधियों और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
दिन-रात की गई कर्मचारियों की तैनाती
संग्रह अमीन संतोष कुमार द्विवेदी से मिली जानकारी के अनुसार लतीफशाह बीयर पर राजस्व विभाग के कर्मचारियों की विशेष तैनाती की गई है। कर्मचारियों को दिन और रात दोनों पालियों में मुस्तैद रखा गया है। उनकी जिम्मेदारी जलस्तर के साथ आसपास की स्थिति पर लगातार नजर रखने की है।
कंट्रोल रूम को दी जा रही पल-पल की जानकारी
तैनात कर्मचारी जलस्तर और क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लगातार कंट्रोल रूम तक पहुंचा रहे हैं। इस चौबीसों घंटे निगरानी व्यवस्था का उद्देश्य जलस्तर में अचानक बदलाव या किसी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्राप्त करना है, ताकि विभाग बिना देरी के आवश्यक कदम उठा सके। फिलहाल पानी का स्तर घटने और राजस्व विभाग की लगातार निगरानी से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
