चन्दौली
जयदेश की खबर का असर: PWD ने दुरुस्त कराया जलालपुर-खड़ेहरा मार्ग
सकलडीहा। जलालपुर (खड़ेहरा ग्रामसभा) के क्षतिग्रस्त मुख्य मार्ग को लेकर जयदेश में प्रकाशित खबर का बड़ा असर हुआ। खबर का संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) मंगलवार शाम मौके पर पहुंचा और सड़क पर गिट्टी डालकर मरम्मत कार्य कराया।
लगातार बारिश के चलते सड़क पर पानी और कीचड़ भर गया था, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों ने बताया था कि यह मार्ग स्टेट हाईवे-69 को जोड़ता है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। सड़क खराब होने से प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति भी प्रभावित हो रही थी।
ग्रामीणों अमित कुमार, प्रमोद यादव, राकेश यादव, सुनील यादव, विकास यादव और राजू सहित अन्य लोगों ने सड़क की बदहाली को लेकर आवाज उठाई थी। उनका कहना था कि मार्च 2025 में मरम्मत के बावजूद पहली बारिश में ही सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।
खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने जयदेश और PWD का आभार जताते हुए मार्ग का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण पक्का निर्माण कराने की मांग की है।
