वाराणसी
पालतू पशुओं का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना
‘स्मार्ट काशी’ ऐप से घर बैठे कराएं पालतू जानवरों का रजिस्ट्रेशन
वाराणसी। जिले में अब शहरी क्षेत्र के भीतर पालतू कुत्तों और बिल्लियों का पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इस नियम का पालन न करने वाले पशुपालकों के खिलाफ आर्थिक दंड के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। निर्धारित प्रावधानों के तहत उल्लंघन करने पर 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर निगम पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण (श्वान प्रजनन एवं विपणन) नियम 2017 के सख्त अनुपालन की दिशा में तैयारी कर रहा है। इसी क्रम में पशुपालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है। अब ‘स्मार्ट काशी’ ऐप के जरिए घर बैठे ही पालतू जानवरों का ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा सकता है।
पशु कल्याण व चिकित्सा अधिकारी डा. संतोष पाल ने बताया कि पशुपालकों को ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा दी जा रही है। वहीं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से इसे डिजिटल स्वरूप दिया गया है। उन्होंने पशुपालकों से समय रहते अपने पालतू पशुओं का पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि किसी भी प्रकार के जुर्माने से बचा जा सके।
