वाराणसी
नवोदय विद्यालय में संकुल स्तरीय वॉलीबॉल चयन प्रतियोगिता संपन्न
वाराणसी संकुल ‘ब’ के 10 विद्यालयों के 150 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गजोखर में दो दिवसीय प्रतियोगिता का हुआ समापन
पिंडरा (वाराणसी)। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, गजोखर में आयोजित दो दिवसीय संकुल स्तरीय वॉलीबॉल चयन प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में वाराणसी संकुल ‘ब’ के 10 विद्यालयों के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेल से विकसित होते हैं नेतृत्व और अनुशासन
समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्राचार्य नागेश कुमार मिश्र ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए नियमित अभ्यास पर विशेष जोर दिया।
विशेषज्ञों ने किया खिलाड़ियों का मूल्यांकन
उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ से आमंत्रित विशेषज्ञ पूजा यादव और सुनील तिवारी ने खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता और खेल प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। चयन प्रक्रिया के आधार पर विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
इन जनपदों के खिलाड़ियों का हुआ चयन
चयनित खिलाड़ियों में वाराणसी के 12, प्रतापगढ़ के 9, जौनपुर के 9, अंबेडकर नगर के 4, सुल्तानपुर के 4, मिर्जापुर और चंदौली के 3-3, अमेठी के 3, तथा प्रयागराज, सोनभद्र और भदोही के 2-2 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
शिक्षक, कोच और अभिभावक रहे उपस्थित
समापन समारोह में उप प्राचार्य कनक पांडेय, विद्यालय के शिक्षक, विभिन्न नवोदय विद्यालयों के कोच, खेल शिक्षक, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
