Connect with us

गाजीपुर

जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर त्वरित समाधान के निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

विद्युत बिल, सड़क, सीवर, औद्योगिक आस्थान और लाइसेंस शुल्क से जुड़े मामलों की हुई समीक्षा

गाजीपुर। जिला उद्योग बंधु एवं एमओयू क्रियान्वयन समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के उद्यमियों और औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में मे. ब्राई प्लास्ट, मुगलानीचक के विद्युत बिल में रेगुलेटरी सरचार्ज से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी को जांच के लिए कमेटी गठित कर कार्रवाई करने हेतु पत्र भेजने के निर्देश दिए।

सड़क और सीवर समस्या के समाधान के निर्देश

व्यापारियों द्वारा सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र की सड़कों एवं सीसी रोड के निर्माण की स्थिति की जांच के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी को पत्र भेजने के निर्देश दिए।

वहीं मुगलानीचक में औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए निजी भूमि पर नाला निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद ने बताया कि नाले का करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

Advertisement

औद्योगिक आस्थान में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

नन्दगंज औद्योगिक आस्थान में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पुलिस चौकी की मांग पर जिलाधिकारी ने बताया कि स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कर दी गई है। पुलिस चौकी स्थापना के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा राजकीय औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में विद्युत आपूर्ति के लिए बने स्वतंत्र फीडर से बाहरी इकाइयों को दिए गए कनेक्शन हटाने और बाहरी इकाइयों के लिए अलग फीडर की व्यवस्था करने के निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड तृतीय, सैदपुर को दिए गए।

गलत शुल्क और विद्युत बिल की शिकायतों पर कार्रवाई

बैठक में लाइसेंस शुल्क और वैभव कर अधिक लिए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को एक सप्ताह के भीतर जांच कर शुल्क संशोधित करने के निर्देश दिए।

उद्यमियों द्वारा विद्युत बिल में अनियमितता की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को बिल संबंधी समस्याओं की जांच कर उन्हें सही कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने राजकीय औद्योगिक आस्थान में विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह बैठक आयोजित कर उसकी कार्यवाही रिपोर्ट आगामी जिला उद्योग बंधु की बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।

Advertisement

खाद्य प्रसंस्करण इकाई के लिए भूमि नापी का निर्देश

बड़ी बाग, लंका निवासी अक्षय कुमार दुबे द्वारा निजी भूमि पर खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के लिए भूमि नापी के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में उद्यमियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page