गाजीपुर
‘खेत बचाओ अभियान-2026’ के तहत किसानों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
यूनियन बैंक गहमर शाखा में हुई बैठक, फसल बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड के लिए चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की गहमर शाखा में ‘खेत बचाओ अभियान-2026’ के अंतर्गत किसानों और ग्रामीण नागरिकों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया गाजीपुर राजदेव कुमार, गहमर, कुतुबपुर एवं पकड़ीतर शाखाओं के शाखा प्रबंधक, बैंक के बीसी एवं सीएफएल स्टाफ उपस्थित रहे।
बैठक में अधिक से अधिक पात्र किसानों एवं ग्रामीण नागरिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार ने बैंक अधिकारियों एवं बीसी कर्मियों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर जनजागरूकता अभियान चलाएं और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक सुरक्षा और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
