Connect with us

गाजीपुर

जमानिया मुख्य मार्ग पर हफ्तों से खड़ी ट्रांसफार्मर ट्रॉली, राहगीरों की बढ़ी परेशानी

Published

on

Loading...
Loading...

सड़क संकरी होने से लग रहा जाम, दुकानदार भी परेशान; विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप

जमानिया (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर विद्युत विभाग की ट्रांसफार्मर परिवहन (कैरियर) ट्रॉली हफ्तों से खड़ी होने के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर ट्रॉली खड़ी होने से आवागमन बाधित हो रहा है और आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।

स्थानीय निवासी रमेश, मनोज और मोहन ने बताया कि कुछ दिन पहले यहां लगा ट्रांसफार्मर खराब होकर जल गया था। इसके बाद विद्युत विभाग ने ट्रैक्टर ट्रॉली पर रखे ट्रांसफार्मर के माध्यम से अस्थायी व्यवस्था कर विद्युत आपूर्ति बहाल की थी।

बाद में विभाग द्वारा राधा कृष्ण मंदिर के पास नया स्थायी ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया, लेकिन अस्थायी ट्रांसफार्मर वाली ट्रॉली को अब तक नहीं हटाया गया है। मुख्य मार्ग पर लंबे समय से खड़ी ट्रॉली के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पहले से ही संकरी है, ऐसे में ट्रॉली खड़ी रहने से जाम की समस्या बढ़ गई है। आसपास के दुकानदारों को भी ग्राहकों के आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement

लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रॉली नहीं हटाना विद्युत विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इसे हटाया नहीं गया तो किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।

इस संबंध में अवर अभियंता संजीत कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सीयूजी नंबर बंद मिला। स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल ट्रॉली हटाकर मार्ग को सुचारु कराने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page