गोरखपुर
गैंगस्टर एक्ट के दो फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
एसएसपी ने गिरफ्तारी के लिए घोषित किया पुरस्कार, दोनों आरोपी लंबे समय से चल रहे फरार
गोरखपुर। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमों में वांछित चल रहे दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गोरखपुर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर ने दोनों आरोपियों पर पुरस्कार घोषित करते हुए पुलिस टीमों को उनकी गिरफ्तारी के लिए सक्रिय किया है।
पुलिस के अनुसार थाना रामगढ़ताल में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 283/2025 में वांछित सैय्यद अली रिजवी पुत्र आस मोहम्मद, निवासी ग्राम रौतापुर, पोस्ट चन्दहर, थाना कोतवाली खलीलाबाद, जनपद संतकबीर नगर की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। उसके खिलाफ धारा 2(b)(I), 2(b)(VIII), 2(b)(XI) एवं 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
वहीं, दूसरे आरोपी लालू यादव पुत्र रमेश यादव, निवासी मसान पाकड़ बासुडिला, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर पर भी थाना रामगढ़ताल में मुकदमा अपराध संख्या 431/2026 दर्ज है। उसके खिलाफ धारा 2(b)(I), 2(b)(XI) एवं 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से फरार चल रहे हैं। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के साथ ही आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। एसएसपी के निर्देश पर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस टीमों को लगाया गया है।
