भदोही
हज-2027 के चयनित यात्रियों की दो चरणों में होगी मेडिकल जांच
15 सितंबर तक फिटनेस प्रमाण पत्र व जरूरी अभिलेख हज कमेटी की वेबसाइट पर करना होगा अपलोड
भदोही, 7 सितंबर। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस जांच को लेकर सर्कुलर संख्या-10, दिनांक 1 सितंबर 2026 जारी किया है। इसके अनुसार चयनित हज यात्रियों के लिए दो चरणों में मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस जांच कराना अनिवार्य होगा। पहली जांच हज यात्रा के लिए चयन के बाद, जबकि दूसरी जांच उड़ान से पहले होगी।
निर्देशों के मुताबिक पहले चरण में चयनित यात्रियों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार सरकारी चिकित्सा केंद्रों पर मेडिकल जांच करानी होगी। जांच के बाद एलोपैथिक पद्धति के चिकित्सक द्वारा निर्धारित प्रारूप पर मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को शासन स्तर से भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार यात्रियों को मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद तथा अन्य आवश्यक प्रपत्र 15 सितंबर 2026 तक हज कमेटी की वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा
यात्रियों को सलाह दी गई है कि प्रमाण पत्र और मेडिकल जांच रिपोर्ट अपलोड करने के बाद उनकी मूल अथवा प्रासंगिक प्रति सुरक्षित रखें। दूसरे चरण की मेडिकल जांच के दौरान इसे प्रस्तुत करना होगा।
जारी दिशा-निर्देशों में यात्रियों से मेडिकल जांच के दौरान किसी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या को नहीं छिपाने की अपील की गई है। जांच में अनफिट पाए जाने पर हज यात्रा निरस्त की जा सकती है और नियमानुसार जमा धनराशि वापस की जाएगी। वहीं, बीमारी की जानकारी जानबूझकर छिपाने और बाद में अनफिट पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई हो सकती है तथा जमा धनराशि जब्त किए जाने का प्रावधान है।
जिला प्रशासन ने सभी चयनित हज यात्रियों से निर्धारित समयसीमा का पालन करते हुए सरकारी चिकित्सा केंद्र से मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त कर आवश्यक अभिलेख समय से वेबसाइट पर अपलोड करने की अपील की है।
