Connect with us

जौनपुर

दिनदहाड़े युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, पेट और पीठ में लगे चार वार

Published

on

Loading...
Loading...

जान बचाने के लिए घर में घुसा युवक, पीछा करते हुए हमलावर भी घुसे; हालत नाजुक

जलालपुर (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के छतारी गांव में सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक गांव के ही एक घर में घुस गया, लेकिन हमलावरों ने पीछा करते हुए घर में घुसकर उस पर कई वार कर दिए। युवक के पेट में एक और पीठ में तीन चाकू के वार लगने की बात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी रेहटी ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार बराई गांव निवासी रितेश अपने मित्र अभिषेक मिश्रा के साथ एक अन्य दोस्त से मिलने छतारी गांव गया था। इसी दौरान करीब आधा दर्जन बाइक पर सवार अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर रितेश पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए रितेश बाइक छोड़कर जान बचाने की गुहार लगाते हुए भागा और एक घर में घुस गया।

आरोप है कि हमलावर उसका पीछा करते हुए घर में भी घुस गए और रितेश पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल रितेश जमीन पर गिरकर छटपटाने लगा। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी तो हमलावर मौके से फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई वारदात से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की मदद से घायल रितेश को सीएचसी रेहटी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसके साथ गए अभिषेक मिश्रा का भी निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

Advertisement

परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले गांव में पड़ोस के कुछ लोगों से रितेश की कहासुनी के बाद विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिजनों ने आशंका जताई कि हमला उन्हीं लोगों द्वारा कराया गया हो सकता है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक रितेश की हालत ऐसी थी कि वह ठीक से बोल नहीं पा रहा था। इसलिए पुलिस स्तर से हमलावरों की पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page