Connect with us

जौनपुर

अनियंत्रित टेंपो ने मचाया तांडव, 10 लोगों को मारी टक्कर

Published

on

Loading...
Loading...

मछलीशहर-बरईपार मार्ग पर हादसे से मची अफरा-तफरी, तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर

मछलीशहर (जौनपुर)। मछलीशहर-बरईपार मार्ग पर रविवार शाम एक अनियंत्रित टेंपो ने राहगीरों और बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करीब 10 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मछलीशहर पहुंचाया।

बताया गया कि रविवार शाम एक युवक टेंपो चलाना सीख रहा था। सराय यूसुफ गांव के पास अचानक टेंपो अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क पर आगे बढ़ते हुए राहगीरों व बाइक सवारों को टक्कर मारता चला गया। इसके बाद टेंपो सड़क से नीचे उतर गया। हादसे में कई बाइक सवार भी चपेट में आ गए।

दुर्घटना में विनय (20) निवासी चौबेपुर, विशाल (27), दुर्गेश (19) निवासी भटहर, सचिन (21) निवासी बटनहित, विजय (30) निवासी रज्जूपुर, निलेश (32), रघुनाथ (75), निशांत (18) निवासी कौरहा, मुकेश (28) निवासी डगरियांव और प्रताप (25) निवासी पहसना, सिकरारा घायल हुए।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सीएचसी मछलीशहर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

Advertisement

चिकित्सकीय जांच के बाद मुकेश, रघुनाथ और निशांत की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं टेंपो चालक भी हादसे में घायल हुआ, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सभी का उपचार जारी है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल टेंपो पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page