भदोही
वाराणसी में 8 अक्टूबर को होगा क्षेत्रीय सम्मेलन, शैक्षणिक संस्थानों की होगी सहभागिता
डीएम ने 10 सितंबर तक प्रतिनिधियों का ऑनलाइन पंजीकरण कराने के दिए निर्देश
भदोही, 7 सितंबर। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ‘Regional Conference on ELC & ECINET’ का आयोजन 8 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के रुद्राक्ष इंटरनेशनल कोऑपरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में सुबह 10 बजे से किया जाएगा। इसमें भदोही जिले के शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश के क्रम में जिले के प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से चार शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को नामित किया जाना है। इनमें विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, इंटर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय एवं एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य अथवा उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि शामिल होंगे।
निर्देश के अनुसार विश्वविद्यालय स्तर पर कुलपति या उनके नामित प्रतिनिधि, महाविद्यालय स्तर पर प्राचार्य अथवा उनके नामित प्रतिनिधि और इंटर कॉलेज स्तर पर प्रधानाचार्य अथवा उनके नामित प्रतिनिधि सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। नामित प्रतिनिधियों का विवरण संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज कराया जाएगा।
10 सितंबर तक होगा पंजीकरण
डीएम ने सभी चिन्हित प्रतिनिधियों का 10 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए हैं। पंजीकरण के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट conference.eci.gov.in का उपयोग किया जाएगा।
पंजीकरण के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से लिंक पर लॉगिन करेंगे। इसके बाद ओटीपी और कैप्चा दर्ज कर प्रतिभागी का नाम, संस्थान का नाम, कार्यशाला की तिथि 8 अक्टूबर 2026, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी आदि विवरण दर्ज किया जाएगा। एक प्रतिभागी का पंजीकरण पूरा होने के बाद अगले प्रतिभागी का विवरण दर्ज किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पंजीकृत प्रतिभागियों के साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा मीडिया/सोशल मीडिया नोडल अधिकारी भी 8 अक्टूबर को वाराणसी में आयोजित सम्मेलन में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर सभी आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समयसीमा में पूरी कराने को कहा। सम्मेलन में प्रभावी सहभागिता के लिए सभी स्तरों पर समन्वय स्थापित करते हुए पंजीकरण और अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने पर जोर दिया गया।
