Connect with us

गोरखपुर

गोरखपुर में जर्जर भवनों पर चला नगर निगम का बुलडोजर

Published

on

Loading...
Loading...

नरसिंहपुर और हार्बर्ट बांध क्षेत्र में दो भवन ध्वस्त, 200 से अधिक जर्जर भवन चिह्नित

गोरखपुर। दिल्ली में जर्जर भवन गिरने से हुए हादसे के बाद गोरखपुर में भी नगर निगम ने कमजोर और जर्जर भवनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। नगर आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को नरसिंहपुर और हार्बर्ट बांध क्षेत्र में स्थित दो जर्जर भवनों को जनता की सुरक्षा के दृष्टिगत ध्वस्त करा दिया गया।

कार्रवाई राजस्व अधिकारी बीएन उपाध्याय के पर्यवेक्षण में की गई। इस दौरान जोन दो और जोन तीन के एसएफआइ, प्रवर्तन दल के कर्मचारी तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। भवनों के ध्वस्तीकरण के दौरान आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

दिल्ली में हुए हादसे के बाद गोरखपुर जिला प्रशासन और नगर निगम ने जर्जर भवनों को लेकर अभियान और तेज कर दिया है। नगर निगम की ओर से अब तक 200 से अधिक जर्जर भवनों को चिह्नित किया जा चुका है। इन भवनों को नियमानुसार ध्वस्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

नगर आयुक्त अजय जैन के अनुसार, बारिश और अन्य कारणों से कमजोर हो चुके भवनों से हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे भवनों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जर्जर भवनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page