Connect with us

गाजीपुर

फुल्ली विद्युत उपकेंद्र तक रास्ता नहीं

Published

on

Loading...
Loading...

कीचड़ से गुजर रहे कर्मचारी और उपभोक्ता

निर्माण पूरा होने के दो महीने बाद भी पक्के मार्ग का इंतजार, बरसात में उपकेंद्र तक पहुंचना हुआ मुश्किल

दिलदारनगर (गाजीपुर)। सबडिवीजन दिलदारनगर अंतर्गत नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र फुल्ली से विद्युत आपूर्ति शुरू हुए करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन उपकेंद्र तक पहुंचने के लिए अब तक पक्के रास्ते का निर्माण नहीं कराया गया है। बरसात के मौसम में रास्ता कीचड़ और दलदल में तब्दील होने से विद्युत कर्मचारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया गया कि उपकेंद्र का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां से विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई। हालांकि, उपकेंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति बदहाल बनी हुई है। बारिश के बाद रास्ते पर घुटने भर तक कीचड़ हो जाने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। बिल जमा करने, शिकायत दर्ज कराने अथवा अन्य कार्यों से उपकेंद्र पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।

उपकेंद्र में दिन-रात ड्यूटी करने वाले विद्युत कर्मचारियों को भी रोजाना इसी समस्या से जूझना पड़ रहा है। कर्मचारियों को जोखिम उठाकर कीचड़ और दलदल से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उपकेंद्र का निर्माण और बिजली आपूर्ति शुरू होने के बावजूद बुनियादी सुविधा के रूप में रास्ते का निर्माण नहीं कराया जाना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

Advertisement

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान रास्ते की स्थिति और खराब होने से कभी भी दुर्घटना हो सकती है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से तत्काल पक्के रास्ते का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि विद्युत उपकेंद्र तक कर्मचारियों और उपभोक्ताओं की आवाजाही सुगम हो सके। साथ ही लोगों ने सवाल उठाया कि किसी हादसे या विभागीय कामकाज प्रभावित होने के बाद ही जिम्मेदार इस समस्या का समाधान करेंगे या समय रहते कार्रवाई होगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page