गोरखपुर
गाली देने से रोकने पर परिवार पर हमला, पत्नी-बेटी व दामाद घायल
तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
हरपुर-बुदहट (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पचौरी में बेवजह गाली-गलौज का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर मनबढ़ युवकों ने महिला समेत तीन लोगों की पिटाई कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाली-गलौज का विरोध करने पर हुआ विवाद
पचौरी गांव निवासी जयराम पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल ने थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 6 जून 2026 की शाम करीब 6:30 बजे गांव के पप्पू पुत्र राजकरन, सिब्बू पुत्र स्वर्गीय बबलू तथा कुलदीप पुत्र राजकरन बेवजह गाली-गलौज कर रहे थे। जब उनके परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपी आक्रोशित हो गए।
पत्नी, बेटी और दामाद को पीटकर किया घायल
आरोप है कि तीनों ने जयराम की पत्नी सरस्वती देवी, बेटी सरिता देवी तथा दामाद नेबूलाल के साथ मारपीट की। घटना में तीनों घायल हो गए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान-माल की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
बीएनएस की धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
