Uncategorized
एलपीजी रिफिल की अवधि घटी: अब 25 दिन में मिलेगा सिलिंडर
गैस की किल्लत के बीच सरकार का बड़ा फैसला, उपभोक्ताओं को राहत की उम्मीद
गोरखपुर। देशभर में रसोई गैस (LPG) की किल्लत और बढ़ती वेटिंग लिस्ट के बीच सरकार के एक फैसले से उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार ने गैस सिलिंडर की री-बुकिंग (रिफिल) के लिए निर्धारित अवधि को 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने का ऐलान किया है। फैसले के बाद आम जनता और मध्यम वर्गीय परिवारों में खुशी का माहौल है।
45 दिन के नियम से बढ़ रही थी परेशानी
पिछले कुछ सप्ताह से कई राज्यों में एलपीजी सिलिंडर की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पहले लागू 45 दिन की अवधि के कारण अधिक गैस खपत वाले परिवारों को सिलिंडर खत्म होने के बाद दोबारा बुकिंग के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। इससे घरेलू जरूरतों पर असर पड़ने के साथ ही कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही थीं।
25 दिन बाद दोबारा बुकिंग
उपलब्ध जानकारी के अनुसार नए नियम के तहत उपभोक्ता पहला सिलिंडर डिलीवर होने के 25 दिन बाद दूसरे सिलिंडर की बुकिंग करा सकेंगे। इससे अधिक खपत वाले परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही गैस एजेंसियों को री-बुकिंग ऑर्डर का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कालाबाजारी पर लगाम की उम्मीद
बुकिंग अवधि कम किए जाने से अवैध रूप से अधिक कीमत पर सिलिंडर बेचने वालों पर भी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि समय सीमा कम होने से सिलिंडर खत्म होने के बाद लंबे इंतजार की समस्या कम होगी।
गृहिणियों और स्थानीय उपभोक्ताओं ने फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि त्योहारों और बड़े परिवारों में 45 दिन की अवधि काफी परेशानी वाली थी। अब 25 दिन में रिफिल बुकिंग की सुविधा मिलने से घरेलू जरूरत के लिए गैस की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है। गैस एजेंसी संचालकों ने भी माना कि इससे रिफिल बुकिंग का चक्र व्यवस्थित होने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने में मदद मिल सकती है।
