गाजीपुर
जयदेश अखबार का हुआ असर, जला ट्रांसफार्मर बदला
अब्दुल वाजिद अंसारी के प्रयास से आराजी कस्बा स्वाद में बहाल हुई बिजली, ग्रामीणों में हर्ष
बहरियाबाद/गाजीपुर। आराजी कस्बा स्वाद में एक सप्ताह से जले 100 केवी के ट्रांसफार्मर के कारण बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिल गई। जयदेश अखबार में बिजली समस्या को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद जले हुए ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया। इससे ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है।
बताया गया कि आराजी कस्बा स्वाद में लगा 100 केवी का ट्रांसफार्मर करीब एक सप्ताह पहले जल गया था। इसके चलते कई सौ बिजली उपभोक्ताओं को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली का बिल जमा करते हैं, इसके बावजूद ट्रांसफार्मर जलने के बाद समय से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
समाजसेवी अब्दुल वाजिद अंसारी के प्रयास से ट्रांसफार्मर तत्काल लगने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि अब्दुल वाजिद अंसारी ग्राम स्तर पर होने वाले सार्वजनिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और गरीबों की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयासरत रहते हैं। उनके प्रयासों से ग्रामीणों में उनकी छवि लगातार मजबूत हो रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि बारिश के मौसम में बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उपकेंद्र से नियमित आपूर्ति के लिए कटे-पिटे तारों को तत्काल जोड़ा जाए। खंभों पर चढ़े पेड़-पौधों की डालियों को हटाने के साथ ही जर्जर तारों को भी बदला जाए, ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित न हो।
ग्रामीणों ने विद्युत अधिकारियों से बहरियाबाद विद्युत उपकेंद्र से नियमित रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही समय रहते खराब उपकरणों और जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत कराने की अपील की है।
