मिर्ज़ापुर
“अटल जी के आदर्शों पर चलकर भाजपा ने देश हित को रखा सर्वोपरि” : श्यामसुन्दर केशरी
अटल जयंती पर नपाध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद कर मंडल पदाधिकारियों ने किया नमन
मिर्जापुर। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने मंडल पदाधिकारियों के साथ गैपूरा स्थित अटल चौराहे पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर नपाध्यक्ष ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व और नीतियों के कारण भारतीय जनता पार्टी ने 1980 में सिर्फ दो सीटों से शुरुआत कर आज 300 से अधिक सीटों तक का सफर तय किया है। उनके आदर्शों पर चलते हुए पार्टी ने देशहित को सर्वोपरि रखा है।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने कार्यकाल में तमाम वैश्विक दबावों और प्रतिबंधों के बावजूद पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को विश्व में परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में स्थापित किया। आज उनकी दूरदृष्टि और नीतियों के कारण भारत शक्तिशाली देशों की सूची में शामिल है।
नपाध्यक्ष ने कहा कि अटल जी ने हमेशा पार्टी से ऊपर देशहित को प्राथमिकता दी। उन्हीं के नक्शे कदम पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देशहित में कड़े फैसले लेने से नहीं चूकते।
कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के योगदानों और उनके आदर्शों को याद किया गया।
