गांव की चिट्ठी
काशी का बारिश से मिज़ाज़ बदला : गलन बढ़ने के साथ तापमान में चार डिग्री की गिरावट

वाराणसी : मंगलवार दोपहर बाद हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। वहीं, तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। बारिश की वजह से अब और अधिक गलन और सर्दी बढ़ने की संभावना है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और बारिश से वाराणसी समेत आसपास के जिलों के मौसम का मिजाज बदल गया। सोमवार सुबह हल्के कोहरे के बाद धूप निकली थी। जिसके बाद बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। मंगलवार सुबह से ही बादल मंडराने लगे थे, दोपहर होते-होते बारिश होने लगी।
पूर्वांचल के कई जिलों में अभी भी बूंदाबांदी हो रही है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी हुई लेकिन मौसम विभाग ने इस हफ्ते पारा गिरने की संभावना जताई थी। दोपहर हुई बारिश से पारा लुढ़क गया। इसकी वजह से ठंड भी बढ़ने लगी है। मंगलवार सुबह वाराणसी के ग्रामीण इलाकों में कोहरा नजर आया। वाराणसी में अब अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
बारिश ने गलन और ठिठुरन बढ़ा दी है, जिससे लोगों को अलाव जलाने के लिए मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से अभी और बारिश की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।