Connect with us

मिर्ज़ापुर

जिला खनिज फंड ट्रस्ट की सेवाओं पर इंटरफेस बैठक संपन्न

Published

on

Loading...
Loading...

कुदारन (मिर्जापुर)। मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान और पत्थर खनन श्रमिक समूह के सहयोग से कुदारन स्थित माँ लक्ष्मी लॉन में खनन श्रमिकों और खनन मालिकों के बीच एक इंटरफेस बैठक का आयोजन किया गया। इसमें हिनौता, छातो, बगहिया, मीरापुर, अधवार, लालपुर, मानिकपुर, कुदारन और रजौली के 49 से अधिक खनन श्रमिकों ने भाग लिया।

इस अवसर पर अहरौरा के समाजसेवी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जिला खनिज फंड ट्रस्ट के माध्यम से क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य हुए हैं, जिनमें स्कूलों की बाउंड्रीवॉल, सड़क मरम्मत, लाइट लगवाने और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ट्रस्ट से स्वास्थ्य सेवाओं और जांच सुविधाओं को सुलभ बनाने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही, मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए भी आवेदन किया जाएगा।

समाजसेवी फणीन्द्र श्रीवास्तव ने खनन श्रमिकों को अपने स्वास्थ्य की देखभाल पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को कार्य के दौरान मास्क, चश्मा, और दस्ताने पहनने चाहिए। साथ ही, संतुलित आहार और सफाई का विशेष ध्यान देना आवश्यक है। सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारियों की जांच के लिए श्रमिकों को जागरूक होने की आवश्यकता है।

Advertisement

समाजसेवी राजू जायसवाल ने गाँवों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों और उनके परिवारों का स्वास्थ्य बेहतर होगा, तो वे अपने कार्य को कुशलता से कर सकेंगे। श्रमिक समूह के संयोजक सुरेश कुमार ने बताया कि खनिज फंड ट्रस्ट के माध्यम से गाँवों में सड़क निर्माण, स्वास्थ्य कैंप, हैंडपंप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सोलर लाइट, बच्चों के खेलने के मैदान, रास्तों की मरम्मत और ब्लास्टिंग से क्षतिग्रस्त मकानों की भरपाई जैसी मांगों को ट्रस्ट के समक्ष रखा जाएगा।

बैठक में बलदेई, सोना, कल्लो, गिरिजा, किरण, मिल्लू, रामजनम, संदीप, गोपाल, श्वेता, संगीता, पूनम, और अंजू कुमारी सहित कई वक्ताओं ने अपनी समस्याओं और सुझावों को रखा। कार्यक्रम का संचालन रुली कुमारी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन ओमप्रकाश द्वारा किया गया। इस बैठक ने खनन श्रमिकों और ट्रस्ट के बीच संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को सुलझाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page