वाराणसी
PM के काशी आगमन से पूर्व नमो घाट पर महिला सुरक्षाकर्मी और युवती के बीच मारपीट-गालीगलौज
रिपोर्ट : प्रदीप कुमार
वाराणसी. PM नरेंद्र मोदी के काशी आगमन के पहले वाराणसी के नमो घाट (खिड़किया घाट) पर एक युवती और महिला सुरक्षाकर्मियों के बीच मारपीट और गालीगलौज हो गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। बताया जा रहा है कि नमो घाट पर चल रहे सजावटी काम के चलते लोगों को यहां आने से रोका गया है। कहा जा रहा है कि युवती को जब महिला सुरक्षाकर्मियों ने रोका तो वो उनसे भिड़ गई। आरोप है कि उसने सुरक्षाकर्मियों संग गालीगलौज और मारपीट की। दोनों के बीच गुत्थगुत्थी होते देख क्षेत्रीय लोगों ने बीचबचाव किया। उसके बाद मौका ताड़ युवती वहां से निकल गई।
युवती कौन थी कहां से आई थी कुछ पता नहीं
युवती कौन थी, कहां से आई थी, क्या मकसद रहा। ये सब कुछ भी पता नहीं चल सका है। वीडियो वायरल होने के बाद आदमपुर पुलिस चौकी प्रभारी से घटना के बाबत जानकारी मांगी गई तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। पुलिस चौकी प्रभारी का कहना था कि इस बाबत कोई शिकायत अब तक नहीं मिली है। शिकायत होगी तो तफ्तीश की जाएगी।
पीएम के हाथों लोकार्पित होने वाली सूची से हटा दिया गया है नमो घाट
बता दें कि स्थानीय प्रशासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं में नमो घाट को भी शामिल किया था। लेकिन अचानक एक दिन पहले ही पीएमओ ने उसे सूची से बाहर करा दिया। बताया जा रहा है कि अब नमो घाट के दोनों चरण का काम पूरा होने के बाद संभवतः देव दीपावली के आसपास पीएम नमो घाट पहुंच कर उसका लोकार्पण करेंगे। हालांकि प्रधानमंत्री के लोकार्पण के मद्देनजर घाट पर तैयारी बुधवार देर शाम तक चलती रही जिसके चलते आमजन को वहां जाने से रोका गया था। वो बंदिश अभी भी जारी रही। इसी बीच युवती अपने दोस्त के साथ नमो घाट पहुंची और घाट पर जाने को लेकर वहां मौजूद महिला सुरक्षाकर्मी से भिड़ गई। देखते ही देखते युवती ने गालीगलौज शुरू कर दिया, फिर दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। ऐसे में घाट पर मौजूद लोगों ने बीचबचाव कर किसी तरह से दोनों को अलग कराया।
