Connect with us

वाराणसी

नहीं थम रहा जर्जर मकानों के छज्जे गिरने का सिलसिला

Published

on

Loading...
Loading...

11 दिनों में तीसरी घटना, दहशत में कांशीराम आवास के लोग; डीएम से शिकायत

कई ब्लॉकों की हालत जर्जर, क्षेत्रवासियों ने सर्वे और तत्काल मरम्मत की मांग की

वाराणसी। कांशीराम आवास में जर्जर भवनों के छज्जे गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को पुराने कांशीराम आवास के ब्लॉक नंबर-75 का छज्जा करीब 11 बजे अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय उसके नीचे कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

लगातार हो रही घटनाओं से आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें हर समय इस बात का डर बना रहता है कि कहीं अचानक किसी भवन का छज्जा या प्लास्टर गिरकर किसी को अपनी चपेट में न ले ले। क्षेत्रवासियों के अनुसार, पिछले 11 दिनों में छज्जा गिरने की यह तीसरी घटना है।

डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग

सोमवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी जर्जर भवनों की समस्या को लेकर जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देने पहुंचे। लोगों ने आवासों की स्थिति की जांच कराने के साथ आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

Advertisement

कई ब्लॉकों की हालत बेहद जर्जर

क्षेत्रवासियों के अनुसार पुराने कांशीराम आवास के ब्लॉक नंबर 61, 93, 75, 37, 35 और 47 समेत कई अन्य ब्लॉकों की हालत बेहद खराब है। कई भवनों में छज्जे और प्लास्टर टूटकर गिर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जर्जर भवनों का तत्काल सर्वे कराने, खतरनाक हिस्सों को चिन्हित कर उनकी मरम्मत कराने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page