Connect with us

गाजीपुर

गैस सिलेंडर रिसाव से भीषण हादसा, दो स्कूली छात्रों की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में हुआ जोरदार धमाका, पटनी पर चढ़े बच्चों की झुलसने से गई जान

देवड़ी गांव में सुबह-सुबह हादसे से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी

जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के देवड़ी गांव में सोमवार सुबह करीब छह बजे गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद लगी आग ने दो स्कूली छात्रों की जान ले ली। आग की चपेट में आने से बगल के कमरे में खड़ी मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में कमरे की पटनी पर चढ़े दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

खाना बनाते समय हुआ गैस रिसाव

मृतकों की पहचान देवड़ी निवासी सुंदरम यादव (12) और विशाल शर्मा (14) के रूप में हुई है। दोनों पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवड़ी में क्रमश: कक्षा छह और आठ के छात्र थे।

Advertisement

बताया गया कि सुंदरम अपनी बहन रेखा के साथ विशाल के घर दूध लेने गया था। इसी दौरान विशाल की मां मीना देवी रसोई में खाना बना रही थीं। अचानक सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी।

आग से बचने के लिए पटनी पर चढ़े थे बच्चे

आग की लपटें देखकर मीना देवी और रेखा घर से बाहर निकल गईं। वहीं आंगन में मौजूद दोनों बच्चे घबराकर बगल के कमरे में चले गए और पटनी पर चढ़ गए। इसी दौरान आग कमरे में खड़ी मोटरसाइकिल तक पहुंच गई।

मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। पटनी पर फंसे दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारी मौके पर पहुंचे

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह, तहसीलदार राम नारायण वर्मा सहित पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।

Advertisement

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। दो मासूम छात्रों की मौत से पूरे देवड़ी गांव में मातम पसरा हुआ है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page