गोरखपुर
ट्रेन के इंजन पर चढ़ा युवक, 25 हजार वोल्ट की चपेट में आया
OHE बिजली बंद कर RPF-GRP ने किया रेस्क्यू, गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल भेजा
गोरखपुर। पूर्वी यार्ड में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे लाइन नंबर-6 पर खड़ी लोको के ऊपर एक युवक चढ़ गया। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज OHE विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों के साथ RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची।
शाम 5:20 बजे हुआ हादसा
RPF पोस्ट गोरखपुर के अनुसार, 12 सितंबर की शाम करीब 5:20 बजे पूर्वी यार्ड की ब्लॉक लाइन नंबर-6 पर घटना हुई। ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल बुधीराम यादव ने यार्ड सुपरविजन अधिकारी सहायक उप निरीक्षक विश्वनाथ यादव को सूचना दी कि OHE पोल के पास खड़ी लोको के ऊपर एक युवक चढ़ गया है और विद्युत लाइन की चपेट में आने से झुलस गया है।
सूचना मिलते ही RPF प्रभारी निरीक्षक समेत संबंधित विभागों को जानकारी दी गई। मौके पर डॉक्टर और एंबुलेंस को भी बुलाया गया।
बिजली आपूर्ति बंद कर किया रेस्क्यू
युवक को नीचे उतारने से पहले रेलवे के TRD विभाग ने शाम करीब 5:50 बजे OHE कनेक्शन को डिस्कनेक्ट किया। बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद RPF और GRP के जवानों ने सावधानीपूर्वक युवक को लोको से नीचे उतारा। करीब छह बजे उसे सुरक्षित नीचे लाया गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम लाल बाबू बताया। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष है और वह बिहार के सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र के बेगाही का रहने वाला बताया गया। रेलवे कर्मचारियों के अनुसार, युवक देखने में मानसिक रूप से विचलित प्रतीत हो रहा था।
प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
मौके पर रेल चिकित्सक ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया। हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय गोरखपुर रेफर किया गया। करीब 6:22 बजे एंबुलेंस मौके पर पहुंची। RPF कांस्टेबल जोगिंदर यादव को युवक के साथ भेजकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार उपचार के बाद युवक की हालत पहले की अपेक्षा बेहतर बताई जा रही है।
