गाजीपुर
बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को किया गया जागरूक
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत नायकडीह में आयोजित कार्यक्रम में हेल्पलाइन नंबरों और महिला सुरक्षा योजनाओं की दी गई जानकारी
पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चियों से आपात स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत रविवार को ग्राम सभा हृदयपुर के नायकडीह में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
सम्मेलन के दौरान प्रतिभागियों को 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा तथा 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही इन सेवाओं का आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चियों से कहा गया कि किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की घटना होने पर बिना झिझक संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें तथा अपने कानूनी अधिकारों के प्रति सजग और जागरूक रहें।
पुलिस टीम रही मौजूद
इस अवसर पर थाना दुल्लहपुर से उपनिरीक्षक इंद्रदेव सिंह, हेड कांस्टेबल पंकज शुक्ला तथा महिला आरक्षी प्रियंका गुप्ता उपस्थित रहीं। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य और महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की।
