Connect with us

गाजीपुर

नियमित योगाभ्यास से खिलाड़ियों की मानसिक दृढ़ता और प्रदर्शन में होता है सुधार: अभिषेक कुमार सिंह

Published

on

Loading...
Loading...

पीजी कॉलेज में पूर्व शोध प्रबंध संगोष्ठी आयोजित, योग के खिलाड़ियों की मनोवृत्ति पर प्रभाव पर प्रस्तुत किया शोध

विभागीय शोध समिति ने प्रश्नोत्तर के बाद शोध प्रबंध को विश्वविद्यालय में जमा करने की दी संस्तुति

गाजीपुर। पीजी कॉलेज गाजीपुर में अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ तथा विभागीय शोध समिति के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व शोध प्रबंध प्रस्तुति संगोष्ठी का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के सेमिनार हाल में आयोजित इस संगोष्ठी में प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में शोधार्थी अभिषेक कुमार सिंह ने अपने शोध प्रबंध “खिलाड़ियों की मनोवृत्ति पर आसन व प्राणायाम के प्रभाव का अध्ययन” विषय पर प्रस्तुति दी।

योग से मानसिक और शारीरिक विकास को मिलता है बढ़ावा

शोधार्थी अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि नियमित आसन और प्राणायाम से खिलाड़ियों में आत्मविश्वास, एकाग्रता, मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच तथा खेल प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार होता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित होता है, जिससे खिलाड़ियों की कार्यक्षमता और मानसिक दृढ़ता में वृद्धि होती है। उन्होंने खेल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में योग को नियमित रूप से शामिल किए जाने पर बल दिया।

शोध में सामने आए महत्वपूर्ण निष्कर्ष

शोध के दौरान बालक एवं बालिका खिलाड़ियों, ग्रामीण और शहरी खिलाड़ियों तथा विभिन्न प्रकार के महाविद्यालयों में अध्ययनरत खिलाड़ियों की मनोवृत्ति पर आसन एवं प्राणायाम के प्रभाव का अध्ययन किया गया। शोध में पाया गया कि योगाभ्यास का खिलाड़ियों की मानसिकता और सकारात्मक दृष्टिकोण पर सार्थक प्रभाव पड़ता है। अध्ययन में आर्थिक पृष्ठभूमि और अन्य सामाजिक कारकों के आधार पर भी प्रभाव का विश्लेषण किया गया।

Advertisement

खेल विज्ञान के लिए उपयोगी होगा अध्ययन

शोधार्थी ने बताया कि यह अध्ययन खिलाड़ियों के मनोवैज्ञानिक विकास पर योग के संयुक्त प्रभाव का वैज्ञानिक विश्लेषण प्रस्तुत करता है। उनके अनुसार यह शोध खेल प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों, खेल मनोवैज्ञानिकों और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों में योग को प्रभावी ढंग से शामिल करने के लिए वैज्ञानिक आधार उपलब्ध कराएगा।

शोध प्रबंध को मिली समिति की संस्तुति

प्रस्तुतीकरण के बाद विभागीय शोध समिति, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ तथा उपस्थित प्राध्यापकों ने शोध से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अभिषेक कुमार सिंह ने संतोषजनक उत्तर दिया। इसके बाद समिति के चेयरमैन एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने शोध प्रबंध को विश्वविद्यालय में जमा करने की संस्तुति प्रदान की।

प्राध्यापक और शोधार्थी रहे उपस्थित

संगोष्ठी में अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के संयोजक प्रो. (डॉ.) जी. सिंह, शोध निर्देशक डॉ. ओमदेव सिंह गौतम, विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) वीरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. लवजी सिंह, प्रो. (डॉ.) सुजीत कुमार सिंह, डॉ. अनुराग सिंह, प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार यादव, डॉ. रामदुलारे, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. रविशेखर सिंह, प्रो. (डॉ.) संजय चतुर्वेदी, डॉ. योगेश कुमार, डॉ. शिवशंकर यादव, प्रदीप सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. (डॉ.) जी. सिंह ने तथा अंत में डॉ. लवजी सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page