वाराणसी
वाराणसी में 28 जुलाई को महिला आयोग की जनसुनवाई
घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की होगी सुनवाई
वाराणसी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) डॉ. बबीता सिंह चौहान की अध्यक्षता में 28 जुलाई 2026 को महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह जनसुनवाई पूर्वाह्न 11 बजे से सर्किट हाउस सभागार, वाराणसी में होगी।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, जमीनी विवाद, महिला उत्पीड़न तथा महिलाओं से जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई कर पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज मिश्र ने जनपद की महिलाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी समस्याएं और शिकायतें आयोग के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
