गाजीपुर
डीएम अनुपम शुक्ला ने नगर निर्माण कार्यों की समीक्षा की
गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
जलभराव, सड़क, नाली, पेयजल व स्ट्रीट लाइट परियोजनाओं की प्रगति परखी, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित राइफल क्लब सभागार में नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास से जुड़े विभागों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण, नाली निर्माण, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, सीवर लाइन, सौंदर्यीकरण, पार्कों के विकास सहित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए विलंब वाले कार्यों के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य शासन के निर्धारित मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं के अनुरूप कराए जाएं। साथ ही कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और आमजन को अनावश्यक असुविधा से बचाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परियोजना में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वर्षा ऋतु को देखते हुए जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, स्वच्छता व्यवस्था, यातायात सुगमता और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नगर के सुनियोजित एवं समग्र विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, जल निगम, विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
