Connect with us

गाजीपुर

छत का दरवाजा तोड़कर किराना दुकान में चोरी

Published

on

Loading...
Loading...

17 हजार नकद समेत हजारों का सामान पार, सीसीटीवी में तीन से पांच संदिग्ध युवक कैद; 2:38 बजे कैमरा बंद किया

नंदगंज (गाजीपुर)। चोचकपुर रोड स्थित एक किराना दुकान में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने दूसरे के मकान की सीढ़ी के रास्ते छत पर पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से 17 हजार रुपये नकद, महंगी सिगरेट के करीब 20 पैकेट समेत हजारों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह दुकान खोलने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

छत का दरवाजा तोड़कर दाखिल हुए

दुकानदार निशांत जायसवाल के अनुसार, रविवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर वह न्यू कॉलोनी स्थित अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच में नकदी और अन्य सामान गायब मिला।

उन्होंने बताया कि चोर दूसरे के मकान पर लगी सीढ़ी से दुकान की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचे। वहां छत के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद दो दरवाजों के ताले तोड़कर निचले तल पर स्थित दुकान में पहुंचे और नकदी व सामान लेकर उसी रास्ते से फरार हो गए।

चेहरा कपड़े से ढक रखा था

पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में तीन से पांच संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। सभी ने चेहरा शर्ट के कपड़े से ढक रखा था। दुकानदार के मुताबिक चोर कैमरे की नजर से बचने का लगातार प्रयास कर रहे थे।

Advertisement

2:38 बजे बंद किया कैमरा

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोरों ने रात करीब 2:38 बजे कैमरा बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

बिजली कटौती से बढ़ी चिंता

घटना के बाद स्थानीय लोगों में रात्रि गश्त को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि रात में हो रही बिजली कटौती का चोरों ने फायदा उठाया। लोगों ने पुलिस से प्रमुख बाजारों और संपर्क मार्गों पर रात से तड़के चार बजे तक गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page