Connect with us

गाजीपुर

बरूईन में ज़मीन विवाद को लेकर प्रशासन सख्त, तहसीलदार व पुलिस ने संभाला मोर्चा

Published

on

Loading...
Loading...

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में निर्माण कार्य कराने पहुंचे अधिकारी, बाधा डालने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी

ज़मानिया (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के बरूईन नहर पुलिया के पास एनएच-24 किनारे चल रहे भूमि विवाद और निर्माण कार्य में आ रही बाधा को लेकर शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार राम नारायण वर्मा, चौकी प्रभारी अश्वनी कुमार सिंह, लेखपाल विजय सिंह सहित राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी गोरखनाथ सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद विपक्षी पक्ष निर्माण कार्य में बाधा डाल रहा है तथा गाली-गलौज और धमकी दे रहा है। उनका कहना है कि 19 नवंबर 2025 को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस-प्रशासन ने उन्हें संबंधित भूमि पर कब्जा दिलाया था, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू होते ही विरोध किया जा रहा है।

बताया गया कि उपजिलाधिकारी एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने का प्रयास किया गया, लेकिन विरोध के चलते कार्य फिर रुक गया। इसके बाद जनसुनवाई और सम्पूर्ण समाधान दिवस में मिली शिकायतों के आधार पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनके अभिलेखों और न्यायालय के आदेशों का परीक्षण किया। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था भंग करने, निर्माण कार्य में अवैध रूप से बाधा डालने या न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।

Advertisement

फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। प्रशासन का कहना है कि मामले का निस्तारण न्यायालय के आदेशों और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष ढंग से किया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page