गाजीपुर
अवैध ऑटो स्टैंड से स्टेशन बाजार में रोज लग रहा जाम, राहगीर परेशान
राधा-कृष्ण मंदिर के पास मुख्य सड़क पर खड़े हो रहे ऑटो, लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग
जमानियां (गाजीपुर)। रेलवे स्टेशन बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के समीप बने कथित अवैध ऑटो स्टैंड के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को प्रतिदिन जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऑटो चालक मुख्य सड़क पर ही वाहन खड़े कर सवारियों को चढ़ाने-उतारने का कार्य करते हैं, जिससे यातायात बाधित हो जाता है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े ऑटो के कारण दोपहिया, चारपहिया वाहनों और पैदल राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कत होती है। व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों का समय बर्बाद होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर संचालित हो रहे अवैध ऑटो स्टैंड को हटाकर ऑटो का संचालन निर्धारित स्थान से कराया जाए। उनका कहना है कि इससे स्टेशन बाजार में प्रतिदिन लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारु हो सकेगी।
हालांकि, इस मामले में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
