Connect with us

गोरखपुर

पिता की डांट से आहत युवती ने आमी नदी में लगाई छलांग, पांच घंटे बाद मिला शव

Published

on

Loading...
Loading...

खजनी के छताई पुल से कूदने का वीडियो आया सामने, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

बांसगांव की 18 वर्षीय नीलू यादव की मौत से परिवार में मचा कोहराम

गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र के छताई पुल से आमी नदी में छलांग लगाने वाली युवती का शव मंगलवार को करीब पांच घंटे की लंबी खोजबीन के बाद बरामद कर लिया गया। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस के प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचने के एक घंटे के भीतर शव को नदी से बाहर निकाल लिया।

घरेलू विवाद के बाद घर से निकली थी युवती

मृतका की पहचान बांसगांव थाना क्षेत्र के शैरो बन गांव निवासी 18 वर्षीय नीलू यादव पुत्री राजेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार किसी घरेलू बात को लेकर पिता द्वारा डांट-फटकार लगाए जाने के बाद नीलू मंगलवार सुबह घर से निकल गई थी। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए।

Advertisement

इसी दौरान खजनी क्षेत्र के छताई पुल से एक युवती के आमी नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली। घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसके आधार पर पुलिस और परिजनों को आशंका हुई कि नदी में कूदने वाली युवती नीलू ही है।

कई घंटे चला खोज अभियान

सूचना मिलते ही खजनी थाना प्रभारी निरीक्षक जयंत सिंह पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। सुबह लगभग आठ बजे से नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया, लेकिन आमी नदी का दूषित जल, गहराई और दुर्गंध राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी बाधा साबित हुई।

कई घंटे तक खोजबीन के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर एसडीएम खजनी के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से तलाश शुरू की और करीब एक घंटे के भीतर युवती का शव नदी से बरामद कर लिया।

गांव में पसरा मातम, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

Advertisement

शव बरामद होने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। मां सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक छोटी सी पारिवारिक नाराजगी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और देखते ही देखते घर का माहौल मातम में बदल गया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page