जौनपुर
सपा-कांग्रेस विदेशी आक्रांताओं को मानती हैं आदर्श : अरुण राजभर
सुभासपा मुख्य प्रवक्ता ने साधा निशाना, बोले- राष्ट्र नायकों के सम्मान का काम कर रही एनडीए सरकार
अखिलेश यादव के पीडीए नारे को बताया फर्जी, 2027 में एनडीए की सरकार बनने का किया दावा
जौनपुर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल विदेशी आक्रांताओं को अपना आदर्श मानते हैं, जबकि राष्ट्र नायकों का अपमान करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता तो बहराइच में आक्रांता सालार मसूद गाजी की मजार पर मेला नहीं लगता। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार ने सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के प्रयासों से राष्ट्र नायक महाराजा सुहेलदेव को सम्मान देने का कार्य किया है।
सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय और प्रतिमा का किया जिक्र
अरुण राजभर ने कहा कि बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की 40 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित कराई गई है, वहीं आजमगढ़ में उनके नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार हमेशा देश के महापुरुषों और राष्ट्र नायकों के सम्मान के लिए कार्य करती रही है।
अरुण राजभर अमरौना गांव के पूर्व प्रधान दिवंगत साहबलाल राजभर को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अखिलेश यादव के पीडीए नारे पर उठाए सवाल
सुभासपा नेता ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे को फर्जी बताते हुए कहा कि जब सपा चार बार सत्ता में रही, तब दलितों, पिछड़ों और वंचितों की याद नहीं आई।
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल में एक जाति विशेष को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए जातिगत जनगणना की बात नहीं की गई, लेकिन सत्ता से बाहर होने के बाद पीडीए और जातिगत जनगणना की याद आने लगी।
2027 में एनडीए की सरकार बनने का दावा
अरुण राजभर ने कहा कि एनडीए सरकार ने पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक अधिकार दिलाने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में फिर से एनडीए की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनेगी और अखिलेश यादव का सरकार बनाने का सपना पूरा नहीं होगा।
इस दौरान चंदवक में युवा नेता रवींद्र कुमार सेठ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अरुण राजभर का जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष चंदन राजभर, स्नेही सेठ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
