चन्दौली
जून का वेतन न मिलने पर शिक्षक संघ का प्रदर्शन
नई वेतन भुगतान प्रणाली की तकनीकी खामियों पर जताया विरोध, शीघ्र भुगतान की उठाई मांग
सकलडीहा (चंदौली)। अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में लागू नई वेतन भुगतान प्रणाली (कोड) में तकनीकी समस्याओं के चलते जून माह का वेतन जारी न होने से शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है। इसी के विरोध में शनिवार को सकलडीहा पी.जी. कॉलेज में शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान किए जाने की मांग उठाई।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चंदौली सहित प्रदेश के अनेक सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को जून माह का वेतन नहीं मिल सका है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि वेतन में अनावश्यक विलंब से शिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
तकनीकी खामियां दूर कर जल्द जारी हो वेतन
शिक्षक संघ ने उत्तर प्रदेश शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग से मांग की कि नई वेतन भुगतान प्रणाली में आई तकनीकी त्रुटियों का तत्काल निराकरण कर जून माह का लंबित वेतन शीघ्र जारी किया जाए। संघ का कहना है कि वेतन कर्मचारियों का वैधानिक अधिकार है और केवल तकनीकी कारणों से उसका भुगतान लंबित रहना उचित नहीं है।
आंदोलन की दी चेतावनी
शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो संगठन अपने अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आगे की रणनीति अपनाने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन में प्रो. दयानिधि सिंह यादव, प्रो. इन्द्रदेव सिंह, प्रो. उदय शंकर झा, प्रो. विजेंद्र सिंह, शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. समीम राइन, डॉ. राजेश यादव, डॉ. अजय कुमार सिंह यादव, शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. इन्द्रजीत सिंह, डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. अमन कुमार मिश्रा, डॉ. जितेंद्र यादव, डॉ. यशनाथ पांडेय, रजनीकांत गुप्ता, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
