भदोही
उपज के पांचवें स्थापना दिवस पर समाजसेवा की मिसाल
जिला जज ने किया पौधारोपण और मेधावियों का सम्मान
“पत्रकार की मेहनत ही उसकी पूंजी है” — जिला जज अखिलेश दुबे, पत्रकारों के योगदान की सराहना
भदोही। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) का पांचवां स्थापना दिवस रविवार को होटल एचपीवी में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के साथ-साथ समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया और मेधावी छात्रों व उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला जज अखिलेश दुबे ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने केक काटकर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम से पूर्व जिला जज ने पौधारोपण अभियान का शुभारंभ करते हुए पौधा लगाया।
मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और अन्य सामग्री प्रदान करते हुए जिला जज अखिलेश दुबे ने कहा कि “पत्रकार की मेहनत ही उसकी पूंजी है। उपज परिवार द्वारा स्थापना दिवस पर समाज सेवा को बढ़ावा देने के लिए की गई पहल अत्यंत सराहनीय है। उपज का अर्थ ही नवीन बीज का रोपण है और आज यहां उसी भावना को देखा जा रहा है।”
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सच्चा पत्रकार वही होता है, जो समाज के सामने दोनों पक्षों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करता है। उन्होंने उपज संगठन के सामाजिक कार्यों की सराहना की।
पत्रकारों और कोरोना योद्धाओं का हुआ सम्मान
संगोष्ठी के दौरान पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को माल्यार्पण और अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा कोरोना काल में जनसेवा करने वाले कोरोना योद्धाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें कालीन निर्यातक एजाज अंसारी सहित अन्य लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम में उपज प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने संगठन के गठन, उद्देश्यों और विस्तार पर विस्तार से चर्चा की। वहीं पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल और मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन उपज जिला अध्यक्ष वीरेंद्र चतुर्वेदी ने किया। अतिथियों का स्वागत जिला महामंत्री आफताब अंसारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हाजी आजाद बापू, ओबेदुल्ला अंसारी, राजेश चंद्र सेठ, संजय मिश्रा, वकील दुबे, फिरोज खान, शाहिद, दिलशाद खान शानू, जावेद कुरैशी, फैसल खान, खुर्शीद अहमद, सेराज खालसा, रिजवान बबलू, हैदर संसारी सहित पत्रकार साथियों ने किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, गणमान्य नागरिक और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
