भदोही
लूट का आरोप लगाकर ट्रक चालक मोबाइल टावर पर चढ़ा
गोपीगंज पुलिस ने संभाला मोर्चा
जंगीगंज बाजार में हाईवे पर ट्रक खड़ा कर चालक ने मचाया हड़कंप, टावर पर घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
कोइरौना (भदोही)। गोपीगंज थाना क्षेत्र के जंगीगंज बाजार में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रक चालक लूट की घटना का आरोप लगाते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही गोपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज की ओर से आ रहे ट्रक संख्या जीजे-27 टीजी-1147 के चालक ने हाईवे पर ट्रक को तिरछा खड़ा कर दिया। इसके बाद वह सड़क पार कर आसपास के लोगों से कहने लगा कि बाइक सवार कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
इसके बाद चालक अचानक पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। शुरुआत में वह करीब 30 से 40 फीट की ऊंचाई पर बैठा रहा, लेकिन जब मौके पर पहुंची गोपीगंज पुलिस टीम, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया तो वह टावर की सबसे ऊंची चोटी तक पहुंच गया।
टावर पर काफी ऊंचाई पर पहुंच जाने के कारण पुलिसकर्मियों की आवाज भी उस तक ठीक से नहीं पहुंच पा रही थी और चालक की आवाज भी नीचे मौजूद लोगों तक स्पष्ट नहीं आ रही थी। इस दौरान वह कभी बैठता तो कभी खड़ा होकर लोगों को चिंता में डालता रहा।
वहीं ट्रक के हाईवे पर तिरछा खड़े होने से यातायात प्रभावित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और तमाशबीनों की भीड़ लग गई।
फिलहाल गोपीगंज पुलिस चालक को सुरक्षित नीचे उतारने और पूरे मामले की जांच में जुटी रही। पुलिस द्वारा चालक के बताए गए लूट के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
