Connect with us

चन्दौली

एक छात्र-एक पौधा’ संकल्प के साथ छात्रों ने दिया हरियाली का संदेश

Published

on

Loading...
Loading...

आदर्श जनता इंटर कॉलेज में पौधरोपण व पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, पौधों के संरक्षण का भी लिया संकल्प

वन विभाग के सहयोग से आम, आंवला, बेल, जामुन, अमरूद व सागौन के पौधे लगाए गए

चकिया (चंदौली)। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन, उत्तर प्रदेश के दस दिवसीय वृक्षारोपण संकल्प अभियान के नौवें दिन शुक्रवार को आदर्श जनता इंटर कॉलेज, चतुरीपुर (छुछाड़) में चंद्रप्रभा रेंज, काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के सहयोग से पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, वन विभाग के अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने ‘एक छात्र-एक पौधा’ के संकल्प के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व स्वतंत्र निदेशक पावर ग्रिड ऑफ इंडिया एवं पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान, वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश दूबे, समाजसेविका डॉ. रीना तथा विद्यालय के प्रबंधक संतोष सिंह ने पौधरोपण कर किया। इस दौरान आम, आंवला, बेल, जामुन, अमरूद और सागौन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

इसके बाद आयोजित पर्यावरण जागरूकता गोष्ठी में वक्ताओं ने वृक्षों के महत्व और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। शिव तपस्या पासवान ने कहा कि पेड़ केवल ऑक्सीजन का स्रोत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में कम से कम एक पौधे को वृक्ष बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Advertisement

वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश दूबे ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। समाजसेविका डॉ. रीना ने जलवायु परिवर्तन से बचाव के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखरेख करने की अपील की। विद्यालय के प्रबंधक संतोष सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष हिम्मत बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य अजय भारती, अशोक कुमार, प्रशांत कुमार, दीपक रंजन सिंह, संतोष भारती, अम्बुज मोदनवाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन गोविंद श्रीवास्तव ने किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page