Connect with us

मिर्ज़ापुर

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही भाजपा सरकार: कांग्रेस

Published

on

Loading...
Loading...

राहुल-प्रियंका के साथ कथित दुर्व्यवहार और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, कई नेता हाउस अरेस्ट

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत जिम्मेदारों के इस्तीफे की मांग, लोकतंत्र की आवाज दबाने का लगाया आरोप

मिर्ज़ापुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर बुधवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ दिल्ली में दुर्व्यवहार किया गया और छात्रों व युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन प्रस्तावित था।

भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण छात्रों और युवाओं के विकास के रास्ते बंद हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में भ्रष्टाचार के कारण युवाओं का भरोसा टूट रहा है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है और जनता की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्री और सरकार से इस्तीफे की मांग

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक उर्फ राजन पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार में छात्र निराश हैं और उन्हें अपने भविष्य की चिंता सता रही है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गृह मंत्री और प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग की।

मिन्हाज अहमद छोटे खान को किया हाउस अरेस्ट

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं प्रवक्ता मिन्हाज अहमद छोटे खान को उनके डंकिनगंज स्थित आवास पर पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर शांतिपूर्ण मार्च के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना अपराध नहीं है। छात्रों के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस संघर्ष करती रहेगी।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

प्रदर्शन एवं विरोध कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर चौबे, शशिभूषण दुबे, रमेश प्रजापति, पप्पू, दुर्गा प्रसाद चौधरी, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण गोपाल चौधरी, राजधर दुबे, राजेंद्र विश्वकर्मा, आनंद त्रिपाठी, मृत्युंजय मिश्रा, अंकुर श्रीवास्तव आजाद, संतोष यादव, इश्तियाक अंसारी, राजेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page