बलिया
बांसडीह में भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का आह्वान, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा और विधायक केतकी सिंह ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
बांसडीह (बलिया)। भारतीय जनता पार्टी की बांसडीह विधानसभा इकाई की ओर से बुधवार को मैरीटार गांव में बूथ अध्यक्षों का एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा और बांसडीह विधायक केतकी सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पार्टी की नीतियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अभी से संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया।
विधायक केतकी सिंह ने कहा कि वर्ष 2022 की तरह वर्ष 2027 में भी कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती के बल पर बांसडीह विधानसभा सहित प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को पुनः विजय दिलाने का लक्ष्य लेकर सभी को जुटना होगा। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों का सम्मान और सशक्तिकरण उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई। अंत में विधायक केतकी सिंह ने सम्मेलन में शामिल सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
