मिर्ज़ापुर
इलाज के अभाव में घायल गौवंश की मौत, बाजारवासियों में आक्रोश
पिकअप की टक्कर से घायल हुआ था गौवंश
मीरजापुर/राजगढ़। राजगढ़ थाना क्षेत्र के नदीहार बाजार में बुधवार को अज्ञात पिकअप की टक्कर से घायल हुए गौवंश की इलाज और देखरेख के अभाव में शाम करीब सात बजे सड़क पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर बाजारवासियों में आक्रोश है।
सूचना के बाद भी समय पर नहीं पहुंचा चिकित्सक
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद गौवंश गंभीर रूप से घायल हो गया था। लोगों ने दोपहर में ग्राम प्रधान और पशु चिकित्सक को सूचना दी। आरोप है कि सूचना के बावजूद समय रहते न तो पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे और न ही ग्राम प्रधान ने घायल पशु की सुध ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि पशु चिकित्सालय घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर है।
मौत के बाद मौके पर पहुंचे जिम्मेदार
बताया गया कि गौवंश की मौत के बाद पशु चिकित्सक और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना खंड विकास अधिकारी को भी दी थी। बाजारवासियों का आरोप है कि समय रहते उपचार नहीं मिलने के कारण घायल पशु की जान चली गई।
निराश्रित पशुओं की समस्या उठाई
तेजबली, संतोष, रितेश, शिवम, गुड्डू, महेश सहित अन्य बाजारवासियों ने कहा कि क्षेत्र में निराश्रित पशुओं को सड़कों पर छोड़ दिया जाता है। आए दिन वाहन की चपेट में आने से पशु घायल होते हैं। सड़क पर घूम रहे पशुओं के कारण राहगीरों के भी दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।
गौशाला भेजने और उपचार की मांग
बाजारवासियों ने राजगढ़, नदीहार, ददरा सोनबरसा, लूसा सहित अन्य बाजारों में घूम रहे निराश्रित पशुओं को तत्काल नजदीकी गौशाला पहुंचाने तथा घायल पशुओं के उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
बीडीओ ने भी समय पर इलाज न मिलने की बात कही
खंड विकास अधिकारी राजगढ़ वीरेंद्र प्रताप वर्मा ने बताया कि ब्लॉक की तरफ से घायल पशु की देखभाल की जा रही थी। उन्होंने कहा कि समय रहते मौके पर पशु चिकित्सक नहीं पहुंच सके और समय से उपचार न मिलने के कारण गौवंश की मृत्यु हो गई।
