मिर्ज़ापुर
कजरी महोत्सव में लोक संगीत और गायन से गूंजा सिटी क्लब
संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन ने कराया आयोजन
मीरजापुर। संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जिला प्रशासन मीरजापुर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सिटी क्लब, कचहरी रोड में कजरी महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देशन में आयोजित महोत्सव में लोक संगीत, कजरी गायन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां हुईं।
कलाकारों ने दी कजरी गायन की प्रस्तुतियां
महोत्सव में प्रयागराज की आश्रया द्विवेदी, मीरजापुर की रानी सिंह, लखनऊ की रंजना रचिता मिश्रा, मीरजापुर की सूफिया बेगम, फागुनी देवी, कल्पना गुप्ता सहित कलाकारों ने कजरी गायन और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। बरसात के मौसम में गाई जाने वाली कजरी की मधुर धुनों से पूरा सिटी क्लब गूंज उठा।
लोक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का उद्देश्य
आयोजन समिति के अनुसार कजरी महोत्सव का उद्देश्य पूर्वांचल की समृद्ध लोक संस्कृति और कजरी परंपरा का संरक्षण करते हुए इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के माध्यम से लोक संगीत और पारंपरिक कला को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
अधिकारी और आमजन रहे मौजूद
महोत्सव में आमजन के साथ संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कजरी की पारंपरिक लोकधुनों से जुड़े सांस्कृतिक आयोजन का अनुभव किया।
