गाजीपुर
विश्व नदी दिवस पर संगोष्ठी, नदियों के संरक्षण का लिया संकल्प
हिंदू पीजी कॉलेज में आयोजित हुआ कार्यक्रम
गाजीपुर/जमानियां। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को विश्व नदी दिवस के अवसर पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम 91 यूपी बटालियन एनसीसी मुगलसराय के समादेश अधिकारी कर्नल सुखबीर सिंह पुनिया के निर्देशन और कैप्टन अंगद प्रसाद तिवारी के संयोजन में हुआ। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने की।

नदियों के पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा
भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. रामलखन यादव ने नदियों के पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नदियों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने गंगा की जैव विविधता, आर्द्रभूमि और डॉल्फिन संरक्षण की जानकारी दी।
जल संरक्षण को बताया जरूरी
हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने कहा कि पानी का निर्माण नहीं किया जा सकता, इसलिए जल संरक्षण और जल की प्रकृति को समझना जरूरी है। उन्होंने इसे मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
एनसीसी और एनएसएस स्वयंसेवकों ने ली शपथ
प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवकों से नदियों के संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर बसे जमानियां क्षेत्र में नदियों के संरक्षण की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
66 कैडेट्स ने किया प्रतिभाग
कार्यक्रम में प्रो. अरुण कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, डॉ. महेंद्र कुमार, डॉ. अमित कुमार और डॉ. अभिषेक तिवारी ने भी विचार रखे। संचालन डॉ. अभिषेक तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. महेंद्र कुमार ने किया। कार्यक्रम में 31 एसडी और 35 एसडब्ल्यू कैडेट्स ने भाग लिया। अंत में सभी ने नदियों को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त रखने की शपथ ली।
