Connect with us

भदोही

जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर डीएम नाराज

Published

on

Loading...
Loading...

सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश

पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

भदोही। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को शुद्ध, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पेयजल परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, जलापूर्ति, आईजीआरएस शिकायतों और परियोजनाओं के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की स्थिति की समीक्षा की गई।

धीमी प्रगति पर कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी

परियोजनाओं की धीमी प्रगति और कार्यों में अपेक्षित सुधार न मिलने पर जिलाधिकारी ने वेलस्पन एवं मेसर्स जी.ए. इंफ्रा के प्रतिनिधियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जल जीवन मिशन जैसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कर ग्रामीण परिवारों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल कराएं मरम्मत

जिलाधिकारी ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत और पुनर्स्थापन कराने को कहा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थलीय सत्यापन कराकर मरम्मत कार्य की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

Advertisement

विद्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों को मिले नल कनेक्शन

उन्होंने हर घर जल योजना के तहत विद्यालयों, सामुदायिक शौचालयों, पशु चिकित्सालयों सहित अन्य सार्वजनिक संस्थानों और आवश्यक स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित संस्थानों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

ओएचटी पर लगेंगी इंडिकेटर लाइट और सीसीटीवी

पेयजल परियोजनाओं में केबल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी ओवरहेड टैंकों पर इंडिकेटर लाइट लगाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी अनिवार्य रूप से स्थापित कराने को कहा।

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण पर भी नाराजगी

बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई। वेलस्पन एवं मेसर्स जी.ए. इंफ्रा की शिकायत निस्तारण प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत देने के निर्देश दिए।

गुणवत्ता से समझौता हुआ तो तय होगी जवाबदेही

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल परियोजनाओं में गुणवत्ता से समझौता, अनावश्यक विलंब या सार्वजनिक संपत्तियों की मरम्मत में लापरवाही मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी।

हर पात्र परिवार तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाना लक्ष्य

जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल पाइपलाइन और टंकी का निर्माण कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार तक सुचारु, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है। योजना के प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, संबंधित विभागीय अधिकारी, जल निगम के अभियंता राजबली तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page