गाजीपुर
सातों विधानसभा में भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन सम्पन्न
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी पर जोर, बूथ सशक्तिकरण का दिया गया मंत्र
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क बढ़ाकर संगठन मजबूत करने का किया आह्वान
गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशव्यापी बूथ अध्यक्ष सम्मेलन अभियान के तहत बुधवार को जनपद गाजीपुर की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए गए। सम्मेलनों में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया गया।
सदर विधानसभा सम्मेलन में संगठन की मजबूती पर जोर
नगर के वंशीबाजार स्थित रॉयल पैलेस में आयोजित सदर विधानसभा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को मुख्य अतिथि एवं पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता अपनी मेहनत, निष्ठा और संगठनात्मक क्षमता के बल पर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने बूथ अध्यक्षों को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि अभिनव सिन्हा ने कहा कि बूथ अध्यक्ष सम्मेलन संगठन की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने का आह्वान किया। सम्मेलन को नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार गौतम एवं विनोद अग्रवाल ने भी संबोधित किया।
जखनियां में सेवा और संगठन का संदेश
माता तेतरा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीपुर मंदरा में आयोजित जखनियां विधानसभा सम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं चंदौली के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सत्ता नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से कार्य करती है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से संगठन के सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने का आह्वान किया।
सम्मेलन को डॉ. मुराहू राजभर, पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेंद्र राय, रामराज बनवासी, राजेश राजभर, सरोज मिश्रा, लालजी गोंड एवं राजेश सोनकर ने भी संबोधित किया।
जहूराबाद में 2027 की रणनीति पर चर्चा
कासिमाबाद स्थित शिवम पैलेस में आयोजित जहूराबाद विधानसभा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं वाराणसी के पूर्व जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह रघुवंshi ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और मजबूत बूथ ही भाजपा की जीत का आधार है। उन्होंने “अपना बूथ, सबसे मजबूत” के संकल्प के साथ प्रत्येक परिवार तक पहुंचने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाना प्रत्येक बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और मजबूत संगठन के बल पर वर्ष 2027 में भाजपा पुनः उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
सम्मेलनों में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
