गाजीपुर
निपुण भारत मिशन में शिक्षकों ने सीखी नई शिक्षण विधियां
बीआरसी में पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, गतिविधि आधारित पढ़ाई पर जोर
जमानियां। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) जमानियां में निपुण भारत मिशन के तहत एफएलएन के सातवें और आठवें बैच के शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार को संपन्न हुआ। गैर आवासीय प्रशिक्षण स्मार्ट टीवी के माध्यम से आयोजित किया गया। अंतिम दिन शिक्षकों को बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान विकसित करने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

बच्चों की मजबूत नींव पर जोर
प्रशिक्षक एवं एआरपी सुरेश कुमार ने कहा कि निपुण भारत मिशन का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर बच्चों की सीखने की मजबूत नींव तैयार करना है। उन्होंने शिक्षकों से किताबों तक सीमित रहने के बजाय गतिविधि आधारित और खेल-खेल में शिक्षण को अपनाने की अपील की।
भाषा और गणित की आसान तकनीकें सिखाईं
प्रशिक्षण के दौरान संख्या ज्ञान, जोड़-घटाव की सरल विधियां, पढ़ने-लिखने का कौशल, मूल्यांकन प्रक्रिया और उपचारात्मक शिक्षण की जानकारी दी गई। शिक्षकों को स्थानीय संसाधनों, स्मार्ट टीवी और टीएलएम का प्रभावी उपयोग करने के तरीके भी बताए गए।

बच्चों पर केंद्रित हो पढ़ाई
प्रशिक्षकों ने कक्षा शिक्षण को रोचक और बच्चों की जरूरतों के अनुरूप बनाने पर जोर दिया। पांच दिनों तक चले प्रशिक्षण में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नई शिक्षण विधियां सीखीं। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने में उपयोगी बताया।
प्रशिक्षण में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर अखिलेश कुमार, अरविंद कुमार सिंह, मनोज कुमार पांडेय, प्रेम कुमार सिंह यादव, अहमद रजा, रामप्रताप सिंह, शैलेष, शाहिदा बेगम, विद्याधर, शशि प्रकाश सिंह, नवनीत राय समेत कई प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
