गाजीपुर
कक्षा 9 और 11 के अग्रिम पंजीकरण की तिथि बढ़ी
30 सितंबर तक अपलोड होंगे छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण, 15 अक्टूबर तक जमा होगी फोटोयुक्त नामावली
सादात (गाजीपुर)। माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 और कक्षा 11 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है। इस अवधि में कोषागार में जमा अग्रिम पंजीकरण शुल्क की सूचना भी वेबसाइट पर दर्ज करनी होगी।
एक से चार अक्टूबर तक होगी जांच
वेबसाइट पर अपलोड विवरणों की जांच के लिए एक से चार अक्टूबर तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, जेंडर, जन्मतिथि, विषय और फोटो का सत्यापन किया जाएगा।
पांच से आठ अक्टूबर तक संशोधन का मौका
जांच के बाद किसी विवरण में संशोधन की आवश्यकता होने पर प्रधानाचार्य पांच से आठ अक्टूबर तक वेबसाइट पर उसे अपडेट कर सकेंगे। इस अवधि में किसी नए छात्र का विवरण अपलोड या स्वीकार नहीं किया जाएगा।
15 अक्टूबर तक जमा होगी नामावली
पंजीकृत छात्र-छात्राओं की फोटोयुक्त नामावली और संबंधित कोषपत्र की प्रति परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय भेजने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर कर दी गई है।
50 रुपये है पंजीकरण शुल्क
अग्रिम पंजीकरण शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में जमा होगा। प्रति छात्र 50 रुपये शुल्क निर्धारित है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों को संशोधित समय-सारिणी के अनुसार पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय के बाद पंजीकरण का कोई अवसर नहीं मिलेगा।
गलती के लिए प्रधानाचार्य जिम्मेदार
परिषद की वेबसाइट पर अपलोड विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति पाए जाने पर संबंधित कक्षा अध्यापक और प्रधानाचार्य को जिम्मेदार माना जाएगा।
