गाजीपुर
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
छात्राओं से संवाद कर जानी व्यवस्थाएं, गुणवत्ता और सुरक्षा पर दिया विशेष जोर
स्वच्छता, भोजन, छात्रावास और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा, छात्राओं को चॉकलेट बांटकर किया प्रोत्साहित
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बुधवार को विकास खंड जखनियां अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सादात का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास, कक्षाओं, भोजनालय, रसोईघर, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवास, स्वास्थ्य और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शासन बालिकाओं की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रहा है। छात्राओं को इन अवसरों का भरपूर लाभ उठाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाना चाहिए।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। चॉकलेट पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, छात्रावास की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि विद्यालय में यदि किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा छात्राओं को सभी सुविधाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय की वार्डेन, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
