गाजीपुर
गौ-आश्रय स्थल में हरे चारे की कमी पर डीएम सख्त, तत्काल व्यवस्था के निर्देश
सादात के पिपनार स्थित अस्थायी गौशाला का डीएम और सीडीओ ने किया निरीक्षण
चारा, पेयजल, सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच, लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बुधवार को विकास खंड सादात के ग्राम पिपनार स्थित अस्थायी गौ-आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौवंश के लिए चारा, पेयजल, साफ-सफाई, छाया और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण में गौ-आश्रय स्थल पर हरे चारे की कमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए ग्राम प्रधान को तत्काल पर्याप्त हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौवंश के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौ-आश्रय स्थल पर नियमित रूप से साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, छाया और पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी सादात सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
