वाराणसी
कंटेनर के पहिये के नीचे आने से बुलेट सवार युवक की दर्दनाक मौत
बाबतपुर चौराहे पर हादसा, मेडिकल की तैयारी कर रहे युवक की गई जान; चालक हिरासत में
पिंडरा (वाराणसी)। फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर चौराहे पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कंटेनर के पहिये के नीचे आने से 20 वर्षीय बुलेट सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर निवासी जयप्रकाश पटेल का पुत्र अस्मित उर्फ गोलू पटेल बुलेट बाइक से शहर से अपने घर लौट रहा था। दोपहर करीब पौने एक बजे जैसे ही वह बाबतपुर चौराहे के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया और कंटेनर का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसा इतना गंभीर था कि उसकी जान नहीं बच सकी। घटना चौकी के पास होने के कारण फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह और चौकी प्रभारी विजय कुशवाहा तत्काल मौके पर पहुंचे और कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया।
मृतक अस्मित दो भाइयों में बड़ा था। उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा के बाद मेडिकल की तैयारी शुरू की थी। छोटे भाई अश्वनी पटेल ने बताया कि उसका भाई पढ़ाई के सिलसिले में शहर गया था और वापस घर लौट रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही करीब एक किलोमीटर दूर स्थित घर और आस्था ढाबा के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि मृतक आस्था ढाबा संचालक पप्पू पटेल का भतीजा था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक अविवाहित था।
