बलिया
गंगा कटान के विरोध में शिवपुर दियरांचल में क्रमिक अनशन शुरू
स्थायी ठोकर निर्माण और जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन तेज
शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी, चेतावनी—समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव का अस्तित्व संकट में पड़ेगा
बलिया। गंगा नदी के लगातार हो रहे कटान से शिवपुर दियरांचल के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे के विरोध में ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है। शिवपुर नम्बरी स्थित पंचदेव मंदिर परिसर में ‘दियरांचल बचाओ आंदोलन’ के तहत समाजसेवी कल्याण सिंह और युवा नेता विश्वजीत सिंह ‘गोलू’ के नेतृत्व में युवाओं ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग है कि ग्राम सभा शिवपुर दिअरा नंबरी एवं प्राणपुर सोनाली को गंगा के कटान से बचाने के लिए स्थायी ठोकर (स्पर) का निर्माण कराया जाए। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनी क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण भी शीघ्र कराया जाए, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।
ग्रामीणों और महिलाओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री जनता दरबार से लेकर स्थानीय प्रशासन तक कई बार शिकायत करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिले हैं। उनका कहना है कि कटान रोकने के नाम पर सीमित संख्या में परक्यूपाइन लगाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई, जबकि गंगा का कटान लगातार बढ़ता जा रहा है।
अनशन पर बैठे लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र स्थायी ठोकर निर्माण शुरू नहीं कराया गया और सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो गंगा कटान से गांव का अस्तित्व गंभीर संकट में पड़ सकता है।
